June 30, 2026

ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का डीसी ने किया निरीक्षण

फरीदाबाद के सेक्टर-12 ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण करते डीसी आयुष सिन्हा।

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने मंगलवार को सेक्टर-12 खेल परिसर में बने ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ सीटीएम अंकित कुमार भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों, साफ-सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था, फायर एक्सटिंगिशर की उपलब्धता और सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी सीसीटीवी कैमरे हर समय चालू और पूरी तरह कार्यरत रहने चाहिए।

उपायुक्त आयुष सिन्हा ने निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा तय किए गए सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाए, ताकि ईवीएम और वीवीपैट मशीनें पूरी तरह सुरक्षित रहें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से व्यवस्थाओं की समीक्षा करने और जरूरत पड़ने पर तुरंत सुधार करने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इनमें बीजेपी से अश्विनी गुलाटी, जेजेपी से प्रेम सिंह धनकड़, कांग्रेस से राहुल, आम आदमी पार्टी से रविंद्र फौजदार और आईएनएलडी से जीत सिंह डागर सहित अन्य लोग शामिल थे।