Faridabad/Alive News: भारत सरकार के डिजिटल इंडिया अभियान के तहत बीएसएनएल ने भारतनेट परियोजना के माध्यम से फरीदाबाद और पलवल के ग्रामीण क्षेत्रों में हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड सेवाओं का तेजी से विस्तार किया है। अब तक दोनों जिलों के गांवों में 8,000 से अधिक FTTH (फाइबर टू द होम) कनेक्शन और 213 ऑप्टिकल लाइन टर्मिनल (OLT) स्थापित किए जा चुके हैं।
इस परियोजना के तहत ग्राम पंचायतों, स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, किसान उत्पादक संगठनों (FPO) और अन्य सरकारी संस्थानों को ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, ई-गवर्नेंस, कृषि और डिजिटल बैंकिंग जैसी सेवाओं तक ग्रामीणों की पहुंच आसान हो रही है।
बीएसएनएल ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए 259 रुपये प्रतिमाह (GST अतिरिक्त) से शुरू होने वाले FTTH प्लान उपलब्ध करा रहा है, जिसमें 25 Mbps तक की स्पीड, 700 GB डेटा, अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग, मुफ्त इंस्टॉलेशन और राउटर जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
इसके अलावा भारतनेट उद्यमी योजना के तहत स्थानीय युवाओं, स्वयं सहायता समूहों (SHGs) और CSC संचालकों को नेटवर्क विस्तार से जोड़कर स्वरोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
बीएसएनएल फरीदाबाद के वरिष्ठ महाप्रबंधक डॉ. डी.एन. कटयान ने कहा कि भारतनेट परियोजना ग्रामीण क्षेत्रों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और आने वाले समय में प्रत्येक गांव तक विश्वसनीय व किफायती हाई-स्पीड इंटरनेट पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।

