Faridabad/Alive News: मानसून से पहले संभावित जलभराव की समस्या से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशन में वरिष्ठ अधिकारी लगातार फील्ड का दौरा कर जल निकासी व्यवस्था और नालों की सफाई का निरीक्षण कर रहे हैं।
इसी क्रम में शनिवार को एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद ने नगर निगम के वार्ड-22 में प्रमुख नालों का निरीक्षण किया। उन्होंने नालों की सफाई, गाद निकासी और जल निकासी व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
एसडीएम ने अधिकारियों से कहा कि बारिश शुरू होने से पहले सभी नालों की समय पर और प्रभावी ढंग से सफाई पूरी की जाए, ताकि जलभराव की स्थिति न बने। जहां भी नालों में गाद, कचरा या कोई रुकावट मिले, उसे तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने जलभराव संभावित क्षेत्रों की विशेष निगरानी रखने, पंपिंग सेट और अन्य जरूरी संसाधन पहले से तैयार रखने के भी निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
एसडीएम त्रिलोक चंद ने कहा कि उपायुक्त आयुष सिन्हा के नेतृत्व में जिला प्रशासन मानसून पूर्व तैयारियों की लगातार समीक्षा कर रहा है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं, ताकि बरसात के दौरान लोगों को जलभराव और जल निकासी से जुड़ी किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े।

