October 26, 2026

सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने किया सूरजकुंड दिवाली मेले का दौरा, कला-संस्कृति की सराहना की

Faridabad/Alive News: हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने रविवार को सूरजकुंड में आयोजित तृतीय दिवाली मेले का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व राज्यसभा सांसद किरण चौधरी भी मौजूद रहीं। दोनों ने मेले में विभिन्न राज्यों से आए शिल्पकारों के हस्तशिल्प उत्पादों, पारंपरिक कलाकृतियों और स्वदेशी वस्तुओं का अवलोकन किया।

हरियाणा पर्यटन विभाग की ओर से ‘आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी मेला’ थीम पर आयोजित इस मेले में भारतीय कला, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिली।

श्रुति चौधरी ने कहा कि मेले में देश के विभिन्न हिस्सों से आए शिल्पकार अपने पारंपरिक उत्पादों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और विरासत को प्रदर्शित कर रहे हैं। हस्तनिर्मित वस्तुओं, पारंपरिक परिधानों और सजावटी सामान के जरिए लोगों को देश की विविध सांस्कृतिक पहचान जानने का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पर्यटन, संस्कृति और स्थानीय हस्तशिल्प को बढ़ावा दे रही है। पर्यटन एवं विरासत मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा भी प्रदेश के पर्यटन स्थलों और सांस्कृतिक आयोजनों को प्रोत्साहित करने के लिए कार्य कर रहे हैं।

पूर्व राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने कहा कि सूरजकुंड दिवाली मेला हरियाणा की पर्यटन क्षमता को प्रदर्शित करने और पारंपरिक कला को पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। मेले में विभिन्न राज्यों की कला, संस्कृति, खानपान और हस्तशिल्प लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। ऐसे आयोजन सांस्कृतिक आदान-प्रदान के साथ पर्यटन और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा देते हैं।