June 27, 2026

मतदाता सूची अपडेट के लिए बीएलओ का करें सहयोग, जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा की अपील

मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत बीएलओ से सहयोग की अपील करते जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा

Faridabad/Alive News: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को सही, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।

उन्होंने बताया कि जिले के सभी बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र दे रहे हैं और भरे हुए प्रपत्र एकत्र कर उनका सत्यापन कर रहे हैं। इस दौरान मतदाताओं की जानकारी, फोटो, मोबाइल नंबर और अन्य आवश्यक विवरण भी अपडेट किए जा रहे हैं।

आयुष सिन्हा ने कहा कि जो लोग पहले से मतदाता सूची में पंजीकृत हैं, उन्हें भी गणना प्रपत्र भरना अनिवार्य है। सभी मतदाता सही जानकारी और आवश्यक दस्तावेज समय पर बीएलओ को उपलब्ध कराएं।

उन्होंने बताया कि आयोग के तय कार्यक्रम के अनुसार 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरवाने और एकत्र करने का कार्य किया जाएगा। इसके बाद 21 जुलाई को प्रारंभिक मतदाता सूची प्रकाशित होगी। 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी, जबकि 22 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति का नाम पहले की मतदाता सूची में नहीं है, तब भी वह गणना प्रपत्र जमा कर सकता है। जांच के बाद पात्र पाए जाने पर उसका नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि एक व्यक्ति एक से अधिक स्थानों पर मतदाता के रूप में पंजीकरण नहीं करा सकता, ऐसा करना कानूनन अपराध है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि बीएलओ के घर आने पर पूरा सहयोग करें और सही जानकारी दें। यदि किसी समय घर पर मौजूद न हों तो अपना संपर्क नंबर अवश्य उपलब्ध कराएं। साथ ही, गणना प्रपत्र जमा करने के बाद बीएलओ से हस्ताक्षरित और मोहरयुक्त रसीद जरूर लें।

किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए मतदाता 1950 हेल्पलाइन, Voters Service Portal और ECINet ऐप का उपयोग कर सकते हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी पात्र मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इस अभियान से जोड़ने की अपील की।