Faridabad/Alive News: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फरीदाबाद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बीएलओ अब घर-घर जाकर मतदाताओं से भरे हुए गणना प्रपत्र एकत्र कर रहे हैं।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने बताया कि गणना प्रपत्रों का वितरण लगभग पूरा हो चुका है। अब सभी पात्र मतदाता समय पर अपने भरे हुए प्रपत्र बीएलओ को सौंपें, ताकि मतदाता सूची को सही और अद्यतन बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रपत्र जमा करने की ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। जिन लोगों ने अभी तक प्रपत्र जमा नहीं किए हैं, वे जल्द से जल्द उन्हें भरकर जमा करें।
उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि जब बीएलओ उनके घर आएं तो वे आवश्यक जानकारी और दस्तावेज उपलब्ध कराकर सहयोग करें। उन्होंने कहा कि शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए बेहद जरूरी है।

