Faridabad/Alive News: अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
एडीसी ने कहा कि सड़क सुरक्षा के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा उपाय, खराब ट्रैफिक लाइटों की मरम्मत, फुटओवर ब्रिज के बंद एस्केलेटर चालू कराने, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण हटाने के लिए संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए।
मानसून को देखते हुए नगर निगम और संबंधित विभागों को नालों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था समय रहते पूरी करने के भी निर्देश दिए गए। एडीसी ने कहा कि जिन कार्यों पर अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है, उनकी अनुपालना रिपोर्ट तीन दिन के भीतर प्रस्तुत की जाए।
बैठक में आरटीए सचिव मुनीश सहगल ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार चालान कर जुर्माना लगाया जा रहा है।

