June 18, 2026

सब जूनियर स्विमिंग प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया दम

Noida/Alive News: जनपद स्तरीय सब जूनियर बालक एवं बालिका स्विमिंग प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार को ओलम्पिया अकादमी, बिसरख में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों और प्रशिक्षण केंद्रों से आए नन्हे तैराकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक, मानसिक और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। नियमित खेल गतिविधियों से अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित होती है, जो जीवन में सफलता के लिए जरूरी है।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। अंडर-11 वर्ग में 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले बालक वर्ग में औरम बिष्ट और बालिका वर्ग में आरोही रॉय ने पहला स्थान हासिल किया। अंडर-10 वर्ग में वियान सिंह और अद्विता सिंह विजेता रहे। वहीं अंडर-8 वर्ग में आयु त्यागी और गर्गी वर्मा ने शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक अपने नाम किए। 50 मीटर फ्री स्टाइल, बैक स्ट्रोक, ब्रेस्ट स्ट्रोक और बटरफ्लाई स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। औरम बिष्ट, आरोही रॉय, शौर्यन मलिक, वियान सिंह, मोनाक्ष बेरी, निशांत हूडा और नक्शत्रा अरविंद सहित कई खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में पदक जीतकर अपनी छाप छोड़ी।

प्रतियोगिता के समापन पर जिलाधिकारी ने विजेता खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को निरंतर अभ्यास और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।