June 16, 2026

ईंटों से हमला कर हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार आरोपी को लेकर जाती फरीदाबाद पुलिस

Faridabad/Alive News: थाना पल्ला पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी नवीन शर्मा उर्फ निक्कू को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) का निवासी है और वर्तमान में फरीदाबाद के सेक्टर-9/10 डिवाइडिंग रोड क्षेत्र में रह रहा था।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-91 निवासी नदीम अब्बास ने शिकायत दी थी कि वह पल्ला मार्केट में गारमेंट और टेलरिंग का काम करता है। 1 मई 2026 की रात जब वह दुकान से घर लौट रहा था, तभी आरोपी नवीन उर्फ निक्कू और उसके साथ एक महिला ने उसे रास्ते में रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी।

शिकायतकर्ता के विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी ने अपने घर की छत से उस पर ईंटों से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। शिकायत के आधार पर थाना पल्ला में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और शिकायतकर्ता पड़ोसी हैं तथा दोनों के बीच पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।