June 14, 2026

वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार, शराब ठेकेदार से वसूल रहे थे रंगदारी

Faridabad Police arrested couple accused of blackmailing and extorting money from liquor contractor

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने शराब ठेकेदार से रंगदारी वसूलने और ब्लैकमेल करने वाले पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। थाना मुजेसर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, एक शराब ठेकेदार ने शिकायत दी थी कि एक दंपति खुद को समाजसेवी और पत्रकार बताकर उस पर दबाव बनाता था। आरोपी ठेका चलाने के बदले हर महीने 10 हजार रुपये की मांग करते थे। साथ ही ठेके के आसपास रेहड़ी और खोखा संचालकों से भी अवैध वसूली की जाती थी।

शिकायत में बताया गया कि रंगदारी नहीं देने पर आरोपी ठेके की वीडियो बनाकर अधिकारियों को भेजने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों ठेके के आसपास की गतिविधियों की वीडियो रिकॉर्डिंग कर उन्हें ब्लैकमेलिंग के लिए इस्तेमाल करते थे।

जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय कॉलोनी निवासी रोहताश और उसकी पत्नी के रूप में हुई। पुलिस ने उनके कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।

फरीदाबाद पुलिस ने कहा है कि धमकी, ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।