Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की AVTS भूपानी टीम ने एटीएम कार्ड बदलकर 75 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम में से 13,500 रुपये बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि 1 जून को गांव झाड़सैतली स्थित एक एटीएम बूथ में आरोपियों ने एक व्यक्ति को अकेला पाकर उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। इससे पहले उन्होंने उसका पिन नंबर देख लिया था। बाद में दूसरे एटीएम से उसके खाते से 75 हजार रुपये निकाल लिए।
मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोवर्धन उर्फ गोलू निवासी गांव बढ़ा और सोनू निवासी तुहीराम कॉलोनी, पलवल के रूप में हुई है। दोनों को 13 जून को गिरफ्तार किया गया।
शिकायतकर्ता कृष्ण कुमार एटीएम से पैसे निकालने गया था। इसी दौरान दो युवक अंदर आए और जल्दबाजी का बहाना बनाकर उसके पीछे खड़े हो गए। उन्होंने चालाकी से उसका कार्ड बदल दिया और बाद में खाते से रकम निकाल ली। मोबाइल पर पैसे कटने के संदेश आने पर पीड़ित को ठगी का पता चला।
शिकायत मिलने के बाद थाना सेक्टर-58 में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है।

