June 14, 2026

42°C तापमान में 16 किमी दौड़ बनी मुसीबत, 11 महिला ट्रेनी कांस्टेबल बेहोश

बिहार के रोहतास में 42 डिग्री तापमान के बीच 16 किलोमीटर दौड़ के दौरान बेहोश हुई महिला ट्रेनी कांस्टेबल

Rohtas/Alive News: बिहार के रोहतास जिले में भीषण गर्मी के बीच पुलिस प्रशिक्षण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। डेहरी स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSP-2) प्रशिक्षण केंद्र में 16 किलोमीटर की दौड़ के दौरान 11 महिला ट्रेनी कांस्टेबलों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इनमें से कई ट्रैक पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं।

जानकारी के अनुसार, नई चयनित महिला सिपाहियों का नियमित प्रशिक्षण चल रहा था। प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत उन्हें 16 किलोमीटर की लंबी दौड़ लगानी थी। रविवार को तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस और तेज धूप के बीच दौड़ के दौरान कई प्रशिक्षुओं को चक्कर आने लगे और उनकी तबीयत खराब हो गई।

घटना के बाद प्रशिक्षण केंद्र में अफरा-तफरी मच गई। सभी प्रभावित प्रशिक्षु सिपाहियों को तुरंत डेहरी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चार महिला प्रशिक्षुओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें सासाराम सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक गर्मी, हीट वेव और शारीरिक थकान के कारण यह स्थिति पैदा हुई। अधिकांश प्रशिक्षुओं ने सीने में दर्द, सांस लेने में परेशानी, पेट दर्द और कमजोरी की शिकायत की। कुछ मामलों में ऑक्सीजन स्तर प्रभावित होने की भी जानकारी मिली।

सासाराम के एसडीपीओ-1 विप्लव कुमार ने अस्पताल पहुंचकर भर्ती प्रशिक्षुओं का हालचाल जाना और अधिकारियों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी घायल प्रशिक्षुओं का इलाज जारी है और स्थिति नियंत्रण में है।

गंभीर रूप से प्रभावित प्रशिक्षुओं में मुजफ्फरपुर की श्यामली कुमारी, बेतिया की विनीता कुमारी और लखीसराय की सोनम कुमारी शामिल हैं। वहीं एक अन्य महिला प्रशिक्षु को बेहतर इलाज के लिए जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

गौरतलब है कि पिछले सप्ताह भी इसी प्रशिक्षण केंद्र में 16 किलोमीटर दौड़ के दौरान कई पुरुष प्रशिक्षु सिपाहियों की तबीयत बिगड़ गई थी। उनमें से एक जवान की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने प्रशिक्षण के दौरान स्वास्थ्य सुरक्षा और गर्मी से बचाव के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।