Patna/Alive News: पटना में खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग विवाद से जुड़े मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद के भाई प्रिंस की नेपाल के विराटनगर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर सामने आई है। हालांकि, इस मामले में अभी तक किसी आधिकारिक एजेंसी द्वारा मौत की पुष्टि नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार, प्रिंस खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग पर हुए हमले और फायरिंग मामले में नामजद आरोपी था। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। बताया जा रहा है कि वह नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में ठहरा हुआ था, जहां उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद पप्पू यादव ने मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने दावा किया कि यह सामान्य मौत नहीं बल्कि हत्या का मामला हो सकता है।
गौरतलब है कि खान ग्लोबल स्टडीज के प्रबंधन से जुड़े कन्हैया कुमार ने रौशन आनंद और प्रिंस सहित कई लोगों के खिलाफ कोचिंग संस्थान पर हमला, पथराव और तोड़फोड़ करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया था।
दूसरी ओर, खान ग्लोबल स्टडीज में हुई तोड़फोड़ और कथित फायरिंग के मामले में खान सर (फैसल खान) का नाम भी एफआईआर में शामिल किया गया था। बाद में उन्होंने अदालत में आत्मसमर्पण किया, जहां से उन्हें अंतरिम राहत मिल गई थी।
पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर खान ग्लोबल स्टडीज के दो सुरक्षा गार्डों को कथित फायरिंग के आरोप में गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान मिले बयानों के आधार पर खान सर को भी मामले में आरोपी बनाया गया था।
प्रिंस की मौत की खबर सामने आने के बाद पूरे मामले ने नया राजनीतिक और कानूनी मोड़ ले लिया है। अब सभी की नजरें जांच एजेंसियों और आधिकारिक पुष्टि पर टिकी हुई हैं।

