June 13, 2026

मानसून से पहले सीवर और नालों की सफाई तेज, निगम अधिकारियों ने किया निरीक्षण

फरीदाबाद में मानसून से पहले नालों और सीवर सफाई कार्य का निरीक्षण करते नगर निगम अधिकारी

Faridabad/Alive News: बरसात के मौसम को देखते हुए फरीदाबाद नगर निगम ने शहर में सीवर, नालियों और नालों की सफाई का अभियान तेज कर दिया है। नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देश पर अधिकारी विभिन्न क्षेत्रों में जाकर सफाई कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं।

नगर निगम का उद्देश्य मानसून के दौरान जलभराव की समस्या को कम करना और नागरिकों को राहत प्रदान करना है। इसके लिए सभी वार्डों में सीवर लाइन, नालों और स्टॉर्म वाटर ड्रेनों की सफाई कराई जा रही है।

इसी क्रम में जॉइंट कमिश्नर गजेंद्र सिंह ने बूढ़ेना और आसपास के क्षेत्रों का दौरा कर सफाई कार्यों का जायजा लिया। वहीं जॉइंट कमिश्नर अनिल यादव ने सेक्टर-21 सहित एनआईटी और बड़खल क्षेत्र में चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

बल्लभगढ़ क्षेत्र में जॉइंट कमिश्नर करण भदौरिया ने एफएमडीए अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने इंजीनियरिंग विंग को निर्देश दिए कि नालों और स्टॉर्म वाटर लाइनों की सफाई समय पर और प्रभावी तरीके से पूरी की जाए।

एडिशनल कमिश्नर परमजीत चहल ने भी अधिकारियों और कर्मचारियों को सफाई कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। नगर निगम के अनुसार शहर के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी नियमित रूप से सफाई अभियान चलाया जा रहा है ताकि मानसून के दौरान जलभराव की स्थिति न बने।