Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की छह मोटरसाइकिल बरामद की हैं। यह कार्रवाई अपराध शाखा AVTS-2, DLF और ऊंचा गांव की टीमों ने अलग-अलग मामलों में की है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अपराध शाखा AVTS-2 की टीम ने थाना ओल्ड फरीदाबाद में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के मामले में मुरारी निवासी मधुबनी, बिहार, हाल निवासी मवई, फरीदाबाद को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर भूपानी क्षेत्र से चोरी की चार मोटरसाइकिल बरामद की गईं।
वहीं, अपराध शाखा DLF की टीम ने थाना सराय ख्वाजा क्षेत्र में वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए सोनू निवासी शिव कॉलोनी, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की।
इसी तरह, अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने थाना शहर बल्लभगढ़ क्षेत्र में वाहन चोरी के मामले में कुलदीप उर्फ गोल्डी निवासी मिठापुर, दिल्ली, हाल निवासी नवीन नगर, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से भी चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की।
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में कुल छह चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।

