Noida/Alive News: यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के आखिरी दिन जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर 9,820 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 4,196 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की कई स्तर पर जांच की गई। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि केंद्र में प्रवेश से पहले और अंदर पहुंचने के बाद भी मशीन के जरिए आंखों की जांच की गई। वहीं, महिला अभ्यर्थियों को बालों में लगे क्लचर, रबर बैंड और क्लिप तक हटवाने पड़े। सुरक्षा व्यवस्था इतनी सख्त थी कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु को केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं थी।
सेक्टर-39 स्थित पीजी कॉलेज केंद्र से परीक्षा देकर निकली शिवानी ने बताया कि पेपर काफी आसान था। कोई सेक्शन हार्ड नहीं था, लेकिन मुझे जनरल नॉलेज के कुछ प्रश्नों ने थोड़ा उलझाया, पर पेपर हो गया।
गाजियाबाद से परीक्षा देने आई प्रिया ने कहा कि पेपर नॉर्मल था। जीके और रीजनिंग दोनों ही सेक्शन आसान रहे। मैंने पूरा पेपर अच्छे से अटेंड किया है और अच्छे परिणाम की उम्मीद है।
वही भावना ने बताया कि केंद्रों पर बड़ी संख्या में परीक्षार्थी पहुंचे थे और सभी की सख्ती से जांच की गई। उन्होंने कहा लड़कियों के बालों में लगे क्लेचर, रबर और क्लिप तक निकलवा दिए गए थे। यह देखकर शुरुआत में थोड़ा डर लगा, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए यह जरूरी लगा। मेरा पेपर अच्छा हुआ है और अब रिजल्ट का इंतजार है।परीक्षा समाप्त होने के साथ ही अब अभ्यर्थियों की निगाहें परिणाम पर टिकी हैं।

