June 6, 2026

ग्रेटर फरीदाबाद में मास्टर सड़कों का होगा कायाकल्प

Faridabad/Alive News: ग्रेटर फरीदाबाद और आसपास के गांवों में रहने वाले हजारों निवासियों को जल्द ही खराब सड़कों से राहत मिलने वाली है। फरीदाबाद मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (FMDA) ने मास्टर सड़कों पर विशेष दो-परत वाली सतह बिछाने का कार्य शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, कई मास्टर सड़कें पहले बन चुकी थीं, लेकिन कुछ हिस्से अधूरे या जर्जर स्थिति में थे। अब इन सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण का काम तेजी से किया जा रहा है। सेक्टर-78 स्थित हैबिटैट सोसायटी के सामने की मास्टर सड़क, जो गड्ढों से भरी हुई थी, को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जा रहा है। पहले सड़क का बेस तैयार किया जा रहा है, जिसके बाद उस पर बिटुमिनस (तारकोल) की परत बिछाई जाएगी।

यह सड़क तिगांव मुख्य मार्ग को राज्य मंत्री राजेश नागर के आवास से जोड़ती है और इसके आसपास खेड़ी गांव, पुरी प्रणयम सोसायटी सहित कई रिहायशी क्षेत्र स्थित हैं। इस मुख्य मार्ग से कई अन्य मास्टर सड़कें और चौराहे भी जुड़े हुए हैं।

गौरतलब है कि लगभग 12 वर्ष पूर्व हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HUDA) द्वारा इन मास्टर सड़कों का निर्माण किया गया था। करीब 45 किलोमीटर लंबा और छह लेन वाला यह नेटवर्क सेक्टर-75 से सेक्टर-89 तक के क्षेत्रों को जोड़ता है, जिससे 35 से अधिक हाउसिंग सोसायटियों के करीब 3 लाख निवासी और 19 गांवों के लोग लाभान्वित होते हैं।

FMDA के अनुसार, 13 प्रमुख मास्टर सड़कों (कुल लंबाई 13.09 किलोमीटर) पर विशेष सतह बिछाने के लिए लगभग 44 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। साथ ही अथॉरिटी ने अब इन सड़कों के रखरखाव और प्रबंधन की जिम्मेदारी भी अपने हाथों में ले ली है।

सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में इन सड़कों की खराब स्थिति और बढ़ती दुर्घटनाओं का मुद्दा लगातार उठाया जाता रहा है। समिति के सदस्य बलजीत सिंह ने इस संबंध में कई बार अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया, जिसके बाद अब यह कार्य शुरू किया गया है।

क्या कहना है जीआरईएफ

“ग्रेटर फरीदाबाद की हाउसिंग सोसाइटियों में हज़ारों लोग रहते हैं। उन्हें जिस सबसे बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ता है, वह है पर्याप्त कनेक्टिविटी की कमी। निवासी मास्टर सड़कों में तेजी से सुधार होने का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं। इस प्रोजेक्ट को बिना किसी देरी के पूरा किया जाना चाहिए।”

– अवनींद्र तिवारी, जीआरईएफ

क्या रहना है एफएमडीए का

ग्रेटर फरीदाबाद की सभी मास्टर सड़कों पर दो परतें बिछाई जा रही हैं। इनमें से ज़्यादातर सड़कों पर काम पहले ही पूरा हो चुका है। अब बाकी बचे इलाकों में भी काम शुरू हो गया है। मॉनसून का मौसम शुरू होने से पहले सभी मास्टर सड़कों का निर्माण पूरी तरह से कर लिया जाएगा।

– के.एस. पठानिया, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, एफएमडीए