Faridabad/Alive news: जनकल्याण संस्था की ओर से श्री रामचरितमानस चौपाई एवं श्रीमद्भगवद्गीता श्लोक गायन प्रतियोगिता के तहत एवीएन स्कूल सेक्टर-19 में विद्यालय स्तर की प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम संस्था के फाउंडर प्रेसिडेंट एससी गुप्ता की अध्यक्षता में हुआ। प्रतियोगिता में विद्यालय के कुल 69 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में 48 विद्यार्थियों ने श्रीरामचरितमानस चौपाई गायन और 21 विद्यार्थियों ने श्रीमद्भगवद्गीता श्लोक उच्चारण में अपनी प्रस्तुति दी। दोनों प्रतियोगिताओं को विद्यार्थियों की कक्षाओं के आधार पर चार-चार समूहों में आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रसंगों, भावों और गायन के माध्यम से शानदार प्रस्तुतियां दीं।
संस्था के प्रतिनिधि रविन्द्र कुमार मनचंदा ने बताया कि एससी गुप्ता पिछले 34 वर्षों से फरीदाबाद और पलवल के विभिन्न विद्यालयों में इस प्रतियोगिता का आयोजन करवा रहे हैं। इस वर्ष प्रतियोगिता की शुरुआत स्कॉलर्स प्राइड विद्यालय से हुई थी। इसके बाद डायनेस्टी इंटरनेशनल स्कूल सेक्टर-28, मॉडर्न दिल्ली इंटरनेशनल स्कूल, डीपीएस, अग्रवाल पब्लिक स्कूल, रावल पब्लिक स्कूल बल्लभगढ़, रावल इंटरनेशनल और डीएवी स्कूल सेक्टर-37 सहित कई विद्यालयों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
रविन्द्र कुमार मनचंदा ने कहा कि रामचरितमानस चौपाई गायन में विद्यार्थियों ने सुंदर भाव और प्रसंग प्रस्तुत किए, जबकि गीता श्लोक उच्चारण में भी प्रतिभागियों ने प्रभावशाली प्रस्तुति दी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को सनातन ग्रंथों से जोड़ना तथा उनके ज्ञान, अध्ययन, समझ और गायन में रुचि बढ़ाना है।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को जोनल स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। जोनल स्तर के विजेता जिला स्तरीय फाइनल प्रतियोगिता में प्रतिभागिता करेंगे। वहीं विद्यालय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को जनकल्याण संस्था की ओर से विद्यालय में ही सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में एवीएन स्कूल की प्रिंसिपल कृष्ण मिश्रा, कोऑर्डिनेटर और अन्य अध्यापिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। संस्था की ओर से विद्यालय परिवार, शिक्षकों, संगीतज्ञों और सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया। संस्था ने कहा कि विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ने के उद्देश्य से इस तरह के आयोजन आगे भी जारी रहेंगे।

