June 26, 2026

डिजिटल क्रॉप सर्वे के दौरान ट्रेनी पटवारी को ग्रामीण ने बनाया बंधक, बाद में मामला शांत

Faridabad/Alive News: मंधावली गांव में डिजिटल क्रॉप सर्वे के दौरान एक ट्रेनी पटवारी को उस समय परेशानी का सामना करना पड़ा जब एक ग्रामीण ने उसे खेत में बने मकान की फोटो खींचने पर बंधक बना लिया। ग्रामीण ने पटवारी पर परिवार की महिलाओं की फोटो खींचने का आरोप लगाते हुए तिगांव थाना पुलिस को सूचना दे दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो सामने आया कि क्षेत्र में डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य चल रहा है और पटवारी द्वारा केवल खेत में बने निर्माण की फोटो ली जा रही थी। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीण को सरकारी कार्य में बाधा डालने पर कार्रवाई की चेतावनी दी, जिस पर वह मौके से फरार हो गया।

इस घटना की जानकारी ट्रेनी पटवारी ने अपने विभागीय अधिकारियों को दी। अधिकारियों ने उसे कार्य जारी रखने की सलाह देते हुए मामले को वहीं शांत कर दिया।

गौरतलब है कि सरकार के निर्देशानुसार इस बार डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत खेतों में बने सभी प्रकार के निर्माण, विशेषकर गैर मौरुसी कब्जों के फोटो खींचकर ऑनलाइन अपलोड करना अनिवार्य किया गया है। इसी प्रक्रिया के तहत पटवारी और ट्रेनी पटवारी गांव-गांव जाकर सर्वे कार्य कर रहे हैं।