Faridabad/Alive News: सेक्टर-74 स्थित मिर्जापुर डेयरी इलाके में बेटे के प्रेम विवाह से नाराज एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी पर लाइसेंसी पिस्टल से गोली चलाने का मामला सामने आया है। गनीमत रही कि महिला बाल-बाल बच गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता चंदरवती ने बताया कि उसके बड़े बेटे कुलदीप ने कुछ समय पहले प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद वह घर से अलग रह रहा था। नौ मार्च को छोटे बेटे विवेक की शादी थी, जिसमें उसने बड़े बेटे कुलदीप को उसकी पत्नी सहित बुला लिया। समारोह के दौरान परिवार की मौजूदगी में दोनों बेटों की पत्नियों के साथ वरमाला और फेरे भी संपन्न कराए गए।
इसी बात से नाराज होकर उसके पति जसवंत ने 13 मार्च की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच घर में मौजूद रहते हुए पिस्टल से उस पर गोली चला दी। महिला ने बताया कि वह किसी तरह बच गई, जबकि गोली कार के पीछे लगे शीशे में जा लगी, जिससे वह टूट गया।
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद सबूत मिटाने के लिए कार का टूटा शीशा बदलवा दिया गया, हालांकि उसके पास घटना की वीडियो फुटेज मौजूद है। उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने बाद में बेटे कुलदीप और उसकी पत्नी पर भी पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत में सास सतवीरी देवी सहित अन्य रिश्तेदारों भीम, श्याम सिंह और भरती सिंह पर भी साजिश में शामिल होने के आरोप लगाए गए हैं।
चंदरवती के अनुसार, घटना के बाद उसने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को पिस्टल सहित थाने ले गई, लेकिन बाद में उस पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया। महिला का कहना है कि घटना के बाद से उसे लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं और उसे घर में रहने नहीं दिया जा रहा।
पीड़िता की दोबारा शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

