June 6, 2026

चैत्र नवरात्रि पर 108 कन्याओं का पूजन, भारतीय संस्कृति के संरक्षण का संदेश

Faridabad/Alive News: चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर सेक्टर-43 स्थित गदाखोर बस्ती में भारत उत्थान फाउंडेशन द्वारा 23वें 108 कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती वंदना और वंदे मातरम के साथ किया गया।

इस अवसर पर फाउंडेशन की संस्थापक प्रतिभा तिवारी ने बताया कि संस्था वर्ष में दो बार इस प्रकार का आयोजन करती है। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य कन्याओं की सुरक्षा, शिक्षा और उनके पोषण की जिम्मेदारी को समाज के सामने लाना है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों और पदाधिकारियों ने कन्याओं के पैर धोकर उनका पूजन किया तथा प्रसाद स्वरूप उन्हें सब्जी, पूरी और हलवा का भोजन कराया। कन्याओं के माथे पर तिलक लगाया गया और उनके हाथों में कलावा बांधा गया।

इस दौरान अभिभावकों से अपनी बेटियों को नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की गई और उनकी शिक्षा में आने वाली समस्याओं को दूर करने में सहयोग का आश्वासन भी दिया गया। प्रतिभा तिवारी ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य भारतीय संस्कृति और संस्कारों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम में संरक्षक जितेंद्र चौधरी, अभिषेक तिवारी, मुख्य अतिथि भाजपा नेत्री अनीता शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. हेमंत अत्री सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

इसके अलावा सौरभ गर्ग, अमित शर्मा, पूनम जग्गी, साक्षी शर्मा, शालिनी गुप्ता, मनीषा सिंगला, उमाशंकर गुप्ता, अंजली शर्मा, लोकेश अग्रवाल, मनीष कौशिक, सरोज चौधरी, मोनिका, मुन्नू पांडेय, ममता श्रीवास्तव, नरेंद्र समेत अन्य गणमान्य लोग, वॉलिंटियर आदित्य, अर्जुन, यश, विराज, ध्रुव चौधरी एवं कीर्तन मंडली हैबिटेट रेजीडेंसी फेज-2 के सदस्य भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी कन्याओं को आशीर्वाद और उपहार प्रदान किए गए।