June 6, 2026

गांवों में लगाई गई स्ट्रीट लाइटों की होगी जांच, पंचायतों पर बिजली बिल का बोझ

Faridabad/Alive News: पंचायत विभाग द्वारा पिछले वर्ष चंडीगढ़ से सीधे जिले के 30 गांवों की फिरनी में 84.38 लाख रुपये की लागत से स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं। इन लाइटों का बिजली बिल संबंधित पंचायतों द्वारा भरा जा रहा है। अब विभाग यह जांच करेगा कि ये स्ट्रीट लाइटें वास्तव में चालू हालत में हैं या नहीं।

विभाग को आशंका है कि कहीं ऐसा न हो कि कई स्थानों पर लाइटें बंद पड़ी हों और पंचायतें लगातार बिजली बिल जमा कर रही हों, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा हो।

274 लाख की योजना के तहत हुआ कार्य
पंचायत विभाग ने गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए कुल 274 लाख रुपये की योजना मंजूर की थी। इसके तहत दो चरणों में 84.38 लाख रुपये खर्च कर लाइट और केबल की खरीद कर स्थापना का कार्य शुरू किया गया।

पहले चरण में बल्लभगढ़ खंड के मोहना, फतेहपुर बिल्लौच, छांयसा, दयालपुर, सीकरी; फरीदाबाद खंड के धौज, फतेहपुर तगा, पाली, मादलपुर, सरूरपुर; तथा तिगांव खंड के तिगांव, अधाना पट्टी, भैंसरावली, कौराली और मंधावली गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाई गईं।

दूसरे चरण में बल्लभगढ़ खंड के अटाली, समयपुर, जवां, बिजोपुर, खंदावली; फरीदाबाद खंड के आलमपुर, मांगर, गोठड़ा मोहब्ताबाद, भसकौला, खेड़ी गुजरान; तथा तिगांव खंड के चांदपुर, अरुआ, भुआपुर, मंझावली और जन्हैड़ा गांव शामिल हैं।

14 गांवों में काम पूरा, 16 में जारी
पंचायत विभाग के अनुसार 31 मार्च 2025 तक 30 गांवों में कार्य स्वीकृत किया गया था, जिनमें से 14 गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाने का काम पूरा हो चुका है, जबकि 16 गांवों में कार्य अभी जारी है।

इस बीच पंचायतें इन स्ट्रीट लाइटों का बिजली बिल नियमित रूप से जमा कर रही हैं। ऐसे में विभाग अब मौके पर जाकर यह सत्यापित करेगा कि लाइटें लगी हुई हैं या नहीं और वे सही तरीके से काम कर रही हैं या नहीं। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।