September 28, 2026

15 बेड का एनआरसी वार्ड शुरू, कुपोषित बच्चों को मिलेगी बेहतर देखभाल

Noida/Alive News: सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में कुपोषित बच्चों के इलाज और देखभाल को बेहतर बनाने के लिए मंगलवार को 15 बेड वाले न्यूट्रिशन रिहैबिलिटेशन सेंटर (एनआरसी) वार्ड का उद्घाटन किया गया। पहले अस्पताल में 10 बेड का एनआरसी वार्ड था। अब इसे बढ़ाकर 15 बेड का कर दिया गया है। उद्घाटन सीएमएस डॉ. अशोक कुमार झा ने किया। इस दौरान बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ललित कुमार, मेडिकल ऑफिसर डॉ. शालिनी, डॉ. भीम सिंह समेत अन्य डॉक्टर मौजूद रहे।

सीएमएस डॉ. अशोक कुमार झा ने बताया कि पहले एनआरसी वार्ड छठी मंजिल पर था, लेकिन वहां जगह कम होने के कारण बेड बढ़ाना संभव नहीं था। इसलिए वार्ड को चौथी मंजिल पर शिफ्ट किया गया है। नए वार्ड को बच्चों के हिसाब से तैयार किया गया है। दीवारों पर कार्टून पोस्टर लगाए गए हैं और बेड पर रंग-बिरंगी बेडशीट बिछाई गई हैं, ताकि बच्चों को अस्पताल जैसा माहौल न लगे।

उन्होंने बताया कि इस वार्ड में गंभीर कुपोषण से जूझ रहे बच्चों को छह दिन तक भर्ती रखा जाएगा। इस दौरान उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में पौष्टिक और प्रोटीन युक्त भोजन दिया जाएगा। इसके लिए अलग से किचन बनाया गया है। इलाज पूरा होने के बाद भी बच्चों को अस्पताल की ओर से पोषण संबंधी सामग्री दी जाएगी। वहीं, बच्चों के साथ रहने वाली माताओं के ठहरने और खाने की भी पूरी व्यवस्था की गई है।

कुपोषित बच्चों के इलाज में जिला अस्पताल आगे

सीएमएस ने बताया कि कुपोषित बच्चों के इलाज और देखभाल में बेहतर काम करने पर जिला अस्पताल गौतमबुद्ध नगर को हाल ही में तीसरा स्थान मिला है। अस्पताल ने इस मामले में गाजियाबाद, बुलंदशहर और हापुड़ जैसे जिलों को पीछे छोड़ा है। वर्ष 2025 और 2026 के दौरान अस्पताल में बड़ी संख्या में कुपोषित बच्चों का सफल इलाज किया गया, जिसके आधार पर यह उपलब्धि मिली।