Varanasi/Alive News: वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (बाबतपुर) पर रविवार सुबह हथियार की जांच के दौरान अचानक गोली चल गई। इस घटना में एक महिला कर्मचारी और एक पुरुष कर्मचारी घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 9:30 बजे हुई। आजमगढ़ के जीयनपुर निवासी कमलेश राय अपनी पत्नी के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-1810 से मुंबई जा रहे थे। यात्री ने अपने लाइसेंसी हथियार की जानकारी पहले ही एयरपोर्ट अधिकारियों को दे दी थी।
हथियार की जांच के दौरान अचानक एक राउंड फायर हो गया। गोली पहले फर्श से टकराई और फिर पास में मौजूद कर्मचारियों को लग गई। इस हादसे में गया निवासी सुमन (32) की जांघ और रोहित राज के हाथ में चोट आई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और इंटेलीजेंस टीम मौके पर पहुंच गई। यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। स्वतंत्रता दिवस के कारण एयरपोर्ट 11 से 20 अगस्त तक हाईअलर्ट पर था, ऐसे में इस घटना से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

