September 6, 2026

बंगाल में TMC के पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी की संदिग्ध मौत, पार्टी ऑफिस में मिला शव

बीरभूम में TMC के पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी की संदिग्ध मौत के बाद जांच करती पुलिस।

Kolkata/Alive News: पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता आशीष बनर्जी की रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बीरभूम जिले के रामपुरहाट स्थित TMC कार्यालय में उनका शव फंदे से लटका मिला।

पुलिस के अनुसार, कार्यालय से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें आशीष बनर्जी ने भ्रष्टाचार के आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने लिखा कि उन्होंने किसी तरह का भ्रष्टाचार नहीं किया और उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुसाइड नोट में रेत टेंडर का जिक्र

पुलिस को मिले कथित सुसाइड नोट में रेत के टेंडर से जुड़े मामलों का जिक्र किया गया है। आशीष बनर्जी ने कथित तौर पर लिखा कि उन्होंने किसी काम के बदले पैसे नहीं लिए। उन्होंने TRDA (तारापीठ-रामपुरहाट डेवलपमेंट अथॉरिटी) के टेंडर, प्लान पास करने, NOC और चेक से जुड़े मामलों में अपनी भूमिका से इनकार किया।

नोट में उन्होंने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं बताया और राजनीति में आने पर भी अफसोस जताया।

BJP और TMC ने दी प्रतिक्रिया

पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि यह आत्महत्या है या हत्या, इसकी जांच पुलिस करेगी। उन्होंने कहा कि TMC में हर व्यक्ति खराब नहीं है और कुछ लोग ऐसे भी हो सकते हैं जो पार्टी में रहते हुए अपनी बात नहीं रख पाए।

TMC सांसद अभिषेक बनर्जी ने आशीष बनर्जी को ईमानदार और सम्मानित जनसेवक बताया। उन्होंने कहा कि अंतिम नोट में लंबे समय से चल रहे कथित बदनाम करने के अभियान को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं।

एक दिन पहले फहराया था तिरंगा

आशीष बनर्जी ने स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को अपने घर के पास तिरंगा फहराया था। उन्होंने कार्यक्रम की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी शेयर की थीं।

उनके भाई प्रशांत बनर्जी के मुताबिक, परिवार को दरवाजे के पास से रस्सी लटकती दिखाई दी, जिसके बाद शक हुआ। परिवार ने पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि घटना से एक रात पहले तक सब कुछ सामान्य लग रहा था।

पांच बार विधायक रहे आशीष बनर्जी

आशीष बनर्जी TMC के वरिष्ठ नेताओं में शामिल थे। वे ममता बनर्जी सरकार में कई विभागों के मंत्री रहे और स्कूल शिक्षा तथा कृषि विभाग भी संभाला। वे 2001 से 2021 तक रामपुरहाट विधानसभा सीट से लगातार पांच बार विधायक चुने गए। पिछली सरकार में वे विधानसभा के डिप्टी स्पीकर भी रहे।

2026 के विधानसभा चुनाव में उन्हें भाजपा उम्मीदवार ध्रुबा साहा के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

जून में छोड़ा था जिला अध्यक्ष का पद

आशीष बनर्जी ने 2 जून को TMC के बीरभूम जिला अध्यक्ष और जिला कोर कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने कहा था कि कोर कमेटी निष्क्रिय हो गई है और अब इसके काम करने की जरूरत नहीं है। इसके बाद उन्होंने खुद को पार्टी का सामान्य सदस्य बताया था।

पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर मौत के कारणों की जांच कर रही है।