Faridabad/Alive News: डिलाइट ग्रैंड होटल में वीविंग सिनर्जीज़ ट्रस्ट और फरीदाबाद लेडीज क्लब की ओर से महिला सशक्तिकरण, भारतीय संस्कृति और सामाजिक सरोकारों को समर्पित सांस्कृतिक महोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन एनआईटी-5 की डीसीपी उत्तम सिंह ने किया। इस दौरान महिला उद्यमियों को सम्मानित भी किया गया।
महोत्सव का खास आकर्षण थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों की रैंप वॉक रही। बच्चों को उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया। फाउंडेशन अगेंस्ट थैलेसीमिया के महासचिव रविंद्र डुडेजा ने बीमारी के प्रति जागरूकता फैलाने और बच्चों के लिए रक्तदान करने की अपील की। कार्यक्रम में भारतीय विरासत को दर्शाती हेरिटेज वॉक और पारंपरिक डांडिया-गरबा भी आयोजित हुआ। हेरिटेज वॉक में रंजू गेरा ने पहला, सोनिया कटारा ने दूसरा और शालू अरोड़ा ने तीसरा स्थान हासिल किया। महापौर प्रवीन बत्रा जोशी ने महिला उद्यमियों के स्टॉल का दौरा कर उनका उत्साह बढ़ाया। ट्रस्ट की संस्थापक हरप्रीत कौर ने कहा कि संस्था का उद्देश्य महिलाओं को मंच देना और सामाजिक सहयोग को बढ़ावा देना है।

