Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में टेलीग्राम पर पार्ट टाइम जॉब का लालच देकर 17.99 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने इस मामले में पंजाब के फाजिल्का जिले के रहने वाले ओमप्रकाश उर्फ मुरली और जगमीत सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों को 15 अक्टूबर को उनके गांव से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों पर ठगी की रकम के लेन-देन में बैंक खाते उपलब्ध कराने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, बल्लभगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 9 जनवरी 2026 को उसके टेलीग्राम पर एक अनजान आईडी से पार्ट टाइम जॉब का मैसेज आया। इसके बाद उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर प्रीपेड टास्क पूरे करने के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए गए। शुरुआत में कुछ रकम वापस कर ठगों ने उसका भरोसा जीत लिया।
इसके बाद रिवॉर्ड बंडल, वॉलेट बैलेंस ठीक करने और बड़ी रकम निकालने का लालच देकर उससे लगातार पैसे जमा करवाए गए। जब रकम निकालने के लिए बार-बार नए शुल्क मांगे गए, तो शिकायतकर्ता को ठगी का एहसास हुआ। पुलिस के अनुसार, पीड़ित से कुल 17,99,000 रुपये ट्रांसफर करवाए गए, जबकि 52,298 रुपये मुनाफे के नाम पर वापस किए गए।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ओमप्रकाश उर्फ मुरली और जगमीत सिंह एक ही गांव के रहने वाले हैं और एक-दूसरे को जानते हैं। आरोप है कि ओमप्रकाश ने जगमीत सिंह का बैंक खाता लेकर आगे जयपुर में उपलब्ध करवाया था। जांच में सामने आया कि जगमीत सिंह के खाते में ठगी की रकम में से 2 लाख रुपये आए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

