Faridabad/Alive News: पर्यावरण को लेकर सरकारी स्कूलों के स्टूडेंट की समझ अब प्रश्नोत्तरी के जरिए परखी जाएगी। शिक्षा विभाग की ओर से 16 सितंबर को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल फरीदपुर में जिला स्तरीय पर्यावरण प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता कराई जाएगी। इसमें क्लास 8वीं से 10वीं तक के स्टूडेंट हिस्सा लेंगे।
प्रतियोगिता में स्टूडेंट से पर्यावरण, प्राकृतिक संसाधन, प्रदूषण और संरक्षण से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। इसका उद्देश्य स्टूडेंट को पर्यावरण से जुड़े विषयों की जानकारी देने के साथ ही उन्हें प्रकृति और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
डीईईओ बसंत कुमार ढिल्लों ने बताया कि स्टूडेंट को पर्यावरण का महत्व समझाने और उसके संरक्षण के लिए प्रेरित करने के लिए प्रतियोगिता कराई जा रही है। प्रश्नोत्तरी के जरिए बच्चों को पर्यावरण से जुड़े विषयों को रोचक तरीके से जानने और अपनी जानकारी परखने का मौका मिलेगा। इससे स्टूडेंट में अपने आसपास के पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों की देखभाल को लेकर जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होगी। शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों में समय-समय पर पर्यावरण जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम भी कराए जाते हैं। इनमें स्टूडेंट को पौधारोपण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसी गतिविधियों में शामिल किया जाता है।

