Fariodabad/Alive News: लगातार गर्मी और उमस के कारण लोगों में त्वचा संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। जिला अस्पताल की त्वचा रोग ओपीडी में इन दिनों रोजाना 50 से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें बच्चों की संख्या सबसे अधिक है। मरीजों में फंगल इंफेक्शन, दाद, घमौरियां, लाल चकत्ते, खुजली और जलन जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। डॉक्टरों के अनुसार, गर्मी और उमस के कारण अधिक पसीना आने से त्वचा लंबे समय तक नम रहती है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।
त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. डीएस राठी ने बताया कि गर्म और उमस वाले मौसम में पसीना जल्दी नहीं सूखता। इससे त्वचा पर लंबे समय तक नमी बनी रहती है और फंगल इंफेक्शन होने की आशंका बढ़ जाती है। बच्चों में खेलने और शारीरिक गतिविधियों के दौरान अधिक पसीना आने के कारण यह समस्या ज्यादा देखने को मिल रही है। शरीर के मुड़े हुए हिस्सों, जैसे गर्दन, बगल और जांघों के आसपास संक्रमण होने की संभावना अधिक रहती है। इन दिनों ओपीडी में फंगल इंफेक्शन और दाद, घमौरियां व लाल चकत्ते, त्वचा में खुजली और जलन, पसीने के कारण होने वाली एलर्जी तथा शरीर के मुड़े हुए हिस्सों में संक्रमण के मरीज बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। इनमें बच्चों की संख्या अधिक है।

