Faridabad/Alive News: दीपावली के स्वागत में सूरजकुंड रोड स्थित सेक्टर-44 के श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम (श्री सिद्धदाता आश्रम) को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। पूरे आश्रम परिसर में आकर्षक विद्युत सजावट की गई है। मंदिर की सुंदर रोशनी और सजावट श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
दीपावली के अवसर पर मंदिर परिसर में आध्यात्मिकता और उत्सव का माहौल देखने को मिल रहा है। यहां हर साल दीपावली, नववर्ष और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे पर्वों पर विशेष सजावट की जाती है। भगवान श्रीलक्ष्मीनारायण के दर्शन और मंदिर की सजावट देखने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचते हैं। इनमें दो दर्जन से अधिक देशों के भक्त शामिल होते हैं।
आश्रम के अधिपति स्वामी श्री पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने दीपावली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने का संदेश देता है। भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने पर लोगों ने दीप जलाकर उनका स्वागत किया था। यह परंपरा हमें सत्य, धर्म और न्याय के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने कहा कि दीपावली पर महालक्ष्मी की पूजा के साथ भगवान श्रीमन्नारायण का स्मरण भी करना चाहिए। जीवन में धन और वैभव के साथ धर्म, सदाचार और सेवा की भावना होना भी जरूरी है।
स्वामी जी ने बताया कि श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। मंदिर को सजाने का उद्देश्य भगवान के स्वागत के साथ भक्तों के मन में भी खुशी और भक्ति का भाव जगाना है। दीपावली के अवसर पर आश्रम में की गई रोशनी और सजावट श्रद्धालुओं के बीच उत्सव का माहौल बना रही है।

