November 27, 2026

फरीदाबाद में 88.50 करोड़ से बन रहे सर्किट हाउस और नागरिक अस्पताल का डीसी ने किया निरीक्षण

फरीदाबाद के उपायुक्त आयुष सिन्हा निर्माणाधीन सर्किट हाउस और बीके नागरिक अस्पताल भवन का निरीक्षण करते हुए।

Faridabad/Alive News: जिले में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति और निर्माण गुणवत्ता का जायजा लेने के लिए उपायुक्त आयुष सिन्हा ने शुक्रवार को सेक्टर-16 स्थित निर्माणाधीन नए सर्किट हाउस और बी.के. नागरिक अस्पताल के नए भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजनाओं को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिक अस्पताल के निर्माण कार्य की थर्ड पार्टी टेस्टिंग करवाकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा।

उपायुक्त ने सबसे पहले सेक्टर-16 स्थित निर्माणाधीन सर्किट हाउस का निरीक्षण किया। करीब 26 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस भवन का लगभग 30 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। प्रस्तावित भवन में बेसमेंट और भूतल के अलावा चार मंजिलें बनाई जाएंगी। इसमें अधिकारियों के लिए 25 कक्ष, चार वीआईपी सूट, एक वीवीआईपी सूट, जिम, 165 व्यक्तियों की क्षमता वाला सभागार और 16 स्टाफ कक्ष बनाए जाने प्रस्तावित हैं। इस परियोजना को दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उपायुक्त ने अधिकारियों को भवन की मजबूती सुनिश्चित करने के लिए नियमानुसार आवश्यक जांच करवाने के निर्देश दिए।

इसके बाद उपायुक्त ने बी.के. अस्पताल के नजदीक निर्माणाधीन नए नागरिक अस्पताल भवन का निरीक्षण किया। बेसमेंट सहित सात मंजिला इस भवन के निर्माण पर करीब 62 करोड़ 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य की थर्ड पार्टी टेस्टिंग करवाने और उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही अब तक करवाई गई सभी तकनीकी जांचों की रिपोर्ट भी मांगी।

आयुष सिन्हा ने स्पष्ट किया कि नागरिक अस्पताल के नए भवन का निर्माण जनवरी 2028 तक पूरा किया जाना है। उन्होंने सिविल सर्जन जयंत आहुजा को निर्देश दिए कि अस्पताल के संचालन के लिए आवश्यक उपकरणों और फर्नीचर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यालय को समय रहते मांग भेजी जाए, ताकि भवन तैयार होने पर स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करने में देरी न हो।

निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त (प्रशिक्षु) मुस्कान, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रकाश लाल, सिविल सर्जन जयंत आहुजा, कनिष्ठ अभियंता गुरेश सौरव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।