November 27, 2026

जमीन, मुआवजा और विकास की नई इबारत

हरियाणा की राजनीति और अर्थव्यवस्था में भूमि का प्रश्न हमेशा संवेदनशील रहा है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से सटे होने के कारण यहां कृषि भूमि पर शहरीकरण, औद्योगिक गलियारों और बुनियादी ढांचे का दबाव लगातार बढ़ता गया है। बीते समय में भूमि अधिग्रहण से जुड़े नियमों और नीतियों में किए गए बदलावों ने इस पुरानी बहस को एक नए मोड़ पर ला खड़ा किया है। भूमि संचय नीति (लैंड पूलिंग) के नए प्रावधानों, टीडीआर (ट्रांसफ़रेबल डेवलपमेंट राइट्स) नीति में संशोधन और ई-भूमि पोर्टल के ज़रिये जमीन खरीदने की प्रक्रिया में आए बदलावों का उद्देश्य स्पष्ट है कि किसानों को बेहतर आर्थिक प्रतिफल देना और विकास परियोजनाओं की राह आसान करना। सवाल यह है कि ये बदलाव शहरी विकास की रफ्तार और किसानों की दीर्घकालिक आर्थिक सुरक्षा पर किस तरह का असर डालेंगे?

​नए नियमों की एक बड़ी विशेषता यह है कि वे ज़मीन मालिकों को केवल एकमुश्त नकद मुआवज़े के दायरे से बाहर निकालकर विकास में भागीदार बनाने का प्रयास करते हैं। भूमि संचय नीति के तहत विकसित विक्रय योग्य क्षेत्र में हिस्सेदारी और शुरुआती वर्षों के लिए वार्षिक वित्तीय सहायता का प्रावधान यह दर्शाता है कि नीति निर्माताओं ने ज़मीन जाने के बाद होने वाले आय के संकट को समझा है। वहीं, टीडीआर नियमों में ताज़ा कलेक्टर रेट और एफएआर से जुड़े बदलावों तथा ई-भूमि पोर्टल पर कीमत तय करने की ढील ने किसानों को मोलभाव की बेहतर स्थिति दी है। छोटे भूखंडों के लिए स्पष्ट विकल्प और समयसीमा तय करने जैसे कदम कागज़ पर संतुलित दिखाई देते हैं, क्योंकि इनमें एक तरफ किसान की आय की चिंता है तो दूसरी तरफ परियोजनाओं को समय पर पूरा करने की बाध्यता भी।

​शहरी विकास की गति के लिहाज़ से देखें तो पारदर्शी और सहमति-आधारित व्यवस्था लंबी कानूनी लड़ाई तथा ज़मीनी विरोध को कम कर सकती है। जब परियोजनाएं वर्षों तक अदालत या अटकाव में फंसती हैं, तो लागत बढ़ती है और शहर का नियोजित विस्तार रुकता है। यदि भूमि पूलिंग और टीडीआर के माध्यम से भूस्वामियों को भविष्य के मूल्यवर्धन का हिस्सा मिलता है, तो इससे गुरुग्राम, फरीदाबाद या अन्य शहरी केंद्रों के आसपास बुनियादी ढांचे के काम में तेज़ी आ सकती है। तेज़ समयसीमा और तयशुदा ढांचा निवेशकों व विकास एजेंसियों के लिए भी स्पष्टता लाता है।

​हालांकि, किसानों की आर्थिक सुरक्षा के पैमाने पर इन नीतियों की असली परीक्षा ज़मीन पर होगी। ज़मीन बेचना या देना एक बार का फ़ैसला है, जबकि आजीविका निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। वार्षिक सहायता या विकसित प्लॉट का वादा तभी सार्थक है जब भुगतान समय पर हो, विकसित ज़मीन का कब्ज़ा बिना अड़चन मिले और बाज़ार की अनिश्चितताओं से किसान को बचाया जाए। इसके अलावा, भूमिहीन खेतिहर मज़दूरों और बटाईदारों का सवाल भी बना रहता है, जिनकी रोजी-रोटी सीधे खेती से जुड़ी होती है। यदि मुआवज़े की रकम का इस्तेमाल अनुत्पादक खर्चों या बिचौलियों के ज़रिये लीकेज में चला गया, तो आर्थिक सुरक्षा का दावा अधूरा रह जाएगा।
​
हरियाणा के लिए चुनौती यह है कि वह शहरीकरण की तेज़ रफ़्तार और ग्रामीण आजीविका के संरक्षण के बीच संतुलन कैसे साधता है। नीतियों के बदलाव सही दिशा में संकेत देते हैं, पर उनकी सफलता प्रशासनिक तत्परता, पारदर्शिता और किसान के भरोसे पर टिकी है। विकास तभी टिकाऊ होगा जब ज़मीन देने वाला हाथ ख़ुद को ठगा हुआ नहीं, बल्कि भविष्य का साझेदार महसूस करे।