May 4, 2024

सेल्फी लेने के चक्कर में चली गोली, युवक की हुई मौत

Lucknow/Alive News : तीन महीने पहले ही चंडीगढ़ राजीव गांधी टेक्नोलॉजी पार्क किशनगढ़ की एक कंपनी में नौकरी करने गया बरेली जिले के शास्त्रीनगर का 21 वर्षीय अंश रेस्टोरेंट में खाना खाते वक्त रिवाल्वर की गोली लगने से मौत हो गयी।

रेस्टोरेंट कर्मियों के मुताबिक अंश और उसके दोस्त भास्कर ने सेल्फी लेने के लिए रेस्टोरेंट मालिक से उसकी रिवाल्वर ली थी जो अचानक चल गई। हालांकि अंश के पिता ने भास्कर और रेस्टोरेंट मालिक रणदीप सिंह राजू पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।

यह घटना चंडीगढ़ के पिंजौर थाना इलाके के रॉयल गजीबो रेस्टोरेंट में सोमवार रात साढ़े ग्यारह बजे हुई। जहां अंश अपने दोस्त भास्कर के साथ खाना खाने गया था। शास्त्री में रहने वाले कनंधीर सिंह के मुताबिक अंश उनका बड़ा बेटा था जो तीन महीने से चंडीगढ़ की राजीव गांधी टेक्नोलॉजी पार्क किशनगढ़ की एक कंपनी में कार्यरत था। 

वह चंडीगढ़ सेक्टर 38 डी में हरकिशन स्कूल के पास किराए के फ्लैट में रहता था। उन्होंने बताया कि 6 सितंबर को शाम पांच बजे अंश ने अपनी मम्मी को फोन कर बताया कि वह अपने दोस्त भास्कर के साथ खाना खाने जा रहा है और रात करीब 11 बजे तक फ्लैट पर लौट आएगा। 

रात करीब ढाई बजे चंडीगढ़ पुलिस ने फोन कर सूचना दी कि उनके बेटे अंश का शव रॉयल गजीबो रेस्टरोरेंट में मिला है। यह सुनते ही कनधीर सिंह, अपने भाई अनुराग सिंह और बहनोई संजय कुमार के साथ पिंजौर थाने पहुंचे। यहां पता चला कि कनपटी में गोली लगने से अंश की मौत हुई है। पिता ने आरोप लगाया कि रेस्टोरेंट संचालक के लाइसेंसी पिस्तौल से भास्कर ने उनके बेटे की हत्या की है। 

जानकारी के मुताबिक सेल्फी लेने के चक्कर में गोली लगने से युवक की मौत हुई है। अंश के पिता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।

रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने बताया कि अंश और भास्कर बैठकर खाना खा रहे थे। गर्मी के कारण उन्होंने अपनी मेज बाहर लगवा ली थी। भास्कर पिंजौर का रहने वाला था, जो अक्सर रेस्टोरेंट में आता रहता था। जबकि उसका दोस्त अंश पहली बार आया था। रात करीब साढ़े 11 बजे भास्कर कुमार ने सेल्फी लेने के लिए रेस्टोरेंट के संचालक से उसकी पिस्तौल ले ली। इस दौरान अचानक उससे गोली चल गई। गोली साथ बैठे उसके दोस्त अंश चौधरी की कनपटी में जा लगी। गोली लगते ही अंश चौधरी एक तरफ लुढ़क गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।