April 25, 2024

बिहार के वरिष्ठ कांग्रेस नेता सदानंद सिंह का हुआ निधन, लंबे समय से चल रहे थे बीमार

Patna/Alive News : बिहार के भागलपुर जिले के कहलगांव विधानसभा से नौ बार विधायक रह चुके वरिष्ठ कांग्रेस नेता सदानंद सिंह का आठ सितंबर 2021 को निधन हो गया। सदानंद सिंह बिहार विधानसभा के अध्यक्ष भी रह चुके है। बताया जा रहा है कि वे पिछले दो माह से बीमार थे। पटना के अस्पताल में भर्ती थे। सदानंद सिंह के निधन के बाद से बिहार के राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष मदन मोहन झा ने सदानंद सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया और उन्हें पिता तुल्य बताया। उन्होंने लिखा कि बिहार के सर्वमान्य नेता, कांग्रेस के योद्धा, मेरे पिता तुल्य सदानंद सिंह का आज स्वर्गवास हो गया। एक राजनीतिक युग का अवसान हुआ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। एवं उनके परिवार को इस असहनीय दुःखद घड़ी को सहने की शक्ति दे।

सदानंद सिंह के निधन पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर लिखा कि बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सदानंद सिंह के निधन पर गहरी शोक-संवेदना व्यक्त करता हूं। उनका लंबा सामाजिक-राजनीतिक अनुभव रहा। वो एक कुशल राजनेता थे। ईश्वर से उनकी आत्मा को शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। वहीं जीतन राम मांझी ने सदानंद सिंह को अपना पुराना साथी बताया। मांझी ने लिखा कि  आज मेरे पुराने साथी ने मेरा साथ छोड़ दिया। सदानंद बाबू हमें छोडकर चले गए। ईश्वर उनके आत्मा को शांति और परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।