November 20, 2026

फरीदाबाद पुलिस द्वारा अवैध शराब तस्करी के मामले में बरामद 10 पेटी देशी शराब और सेंट्रो कार।

10 पेटी देशी शराब और सेंट्रो कार सहित दो आरोपी गिरफ्तार

ग्रीनफील्ड कॉलोनी में पुलिस की कार्रवाई, कार की डिग्गी से मिले 480 पव्वे; गुरुग्राम के रहने वाले हैं दोनों आरोपी, दिल्ली ले जा रहे थे शराब

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस चौकी ग्रीनफील्ड की टीम ने ग्रीनफील्ड कॉलोनी क्षेत्र में एक सेंट्रो कार से 10 पेटी अवैध देशी शराब बरामद की है। बरामद शराब में कुल 480 पव्वे शामिल हैं। पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सेंट्रो कार को भी कब्जे में ले लिया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पुलिस चौकी ग्रीनफील्ड की टीम गश्त के दौरान ग्रीनफील्ड कॉलोनी के गेट नंबर-2 स्थित रेलवे अंडरब्रिज के पास पहुंची थी। वहां एक सफेद रंग की सेंट्रो कार के पास दो युवक खड़े दिखाई दिए। पुलिस को शक होने पर कार की तलाशी ली गई तो उसकी डिग्गी से 10 पेटी देशी शराब बरामद हुई। दोनों युवक शराब से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान पवन और सौरव उर्फ पपला निवासी गांव बंधवाड़ी, जिला गुरुग्राम के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ हरियाणा आबकारी अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत थाना सूरजकुंड में मामला दर्ज किया गया है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने एक दोस्त से कार मांगकर लाए थे और उसमें अवैध शराब भरकर दिल्ली ले जा रहे थे। पुलिस ने शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल सेंट्रो कार भी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।