Faridabad/Alive News: सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में इस बार पर्यटकों को भीड़ और जाम से राहत दिलाने के लिए पर्यटन विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। सप्ताहांत पर एक से डेढ़ लाख पर्यटकों के पहुंचने के कारण मेला परिसर के संकरे रास्तों पर आवाजाही प्रभावित होती है। कई बार पर्यटकों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने में परेशानी होती है। इसे देखते हुए इस बार मेले में रास्तों को चौड़ा करने के साथ कच्चे रास्तों को पक्का किया जाएगा। हरियाणा पर्यटन विभाग ने इन विकास कार्यों के लिए करीब 1.93 करोड़ रुपये के टेंडर आमंत्रित किए हैं।
मेले में हर साल सप्ताहांत के दौरान पर्यटकों की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में संकरे रास्तों पर भीड़ जमा होने से लोगों को परेशानी होती है। इस समस्या को दूर करने के लिए विभाग करीब 38.59 लाख रुपये रास्तों को चौड़ा करने पर खर्च करेगा। इससे पर्यटकों की आवाजाही आसान होगी और भीड़ को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी।
इसके अलावा मेला परिसर में जिन स्थानों पर अभी कच्चे रास्ते हैं, उन्हें पक्का किया जाएगा। इससे पर्यटकों को चलने में परेशानी नहीं होगी। खासकर अधिक भीड़ के दौरान रास्तों पर आवागमन सुचारू रखने में मदद मिलेगी।
5 से 21 फरवरी तक चलेगा मेला
सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेला इस बार 5 फरवरी से 21 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। मेले में इस बार तीन राज्यों को थीम स्टेट बनाने की संभावना है। पर्यटन विभाग का प्रयास है कि मेले में आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलें और भीड़ के कारण उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े। विकास कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

