November 20, 2026

देश के प्रदूषित शहरों में पांचवें नंबर पर पहुंचा बल्लभगढ़, फरीदाबाद की हवा में हुआ सुधार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद और बल्लभगढ़ की हवा में प्रदूषण का असर अब भी बना हुआ है। बुधवार को देश में सबसे प्रदूषित शहर रहने वाला बल्लभगढ़ बृहस्पतिवार को पांचवें स्थान पर पहुंच गया। हालांकि, यहां के वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में 17 अंकों का सुधार हुआ है, लेकिन 297 एक्यूआई के साथ हवा अब भी खराब श्रेणी में बनी हुई है। वहीं, फरीदाबाद के औसत एक्यूआई में भी 29 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। इसके बावजूद शहर के कुछ इलाकों में प्रदूषण का स्तर लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की शाम 4 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार, बृहस्पतिवार को बल्लभगढ़ का औसत एक्यूआई 297 दर्ज किया गया। बुधवार को यह 314 था और बल्लभगढ़ देश में पहले स्थान पर रहा था। एक दिन में प्रदूषण के स्तर में कमी आने के बाद भी शहर की हवा में खास सुधार नहीं हुआ है।

वहीं, फरीदाबाद का औसत एक्यूआई बुधवार के 227 से घटकर 198 पर पहुंच गया। यह मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया। हालांकि, अलग-अलग क्षेत्रों के आंकड़ों में काफी अंतर देखने को मिला। शाम 6 बजे के बाद सेक्टर-11 में एक्यूआई 294 दर्ज किया गया, जबकि एनआईटी में यह 206 रहा। इसके विपरीत सेक्टर-30 में हवा अपेक्षाकृत साफ रही और यहां एक्यूआई 90 दर्ज किया गया।

पड़ोसी जिले पलवल में भी प्रदूषण का स्तर फरीदाबाद से कम रहा। यहां का औसत एक्यूआई 125 दर्ज किया गया। आंकड़ों से साफ है कि फरीदाबाद के औसत प्रदूषण स्तर में सुधार के बावजूद शहर के कुछ इलाकों में हवा की गुणवत्ता अब भी चिंताजनक बनी हुई है।