November 21, 2026

शिक्षा में आत्मज्ञान को शामिल करने पर मंथन, पांच शहरों में खुलेंगे समभाव-समदृष्टि के नि:शुल्क स्कूल

फरीदाबाद के सतयुग दर्शन वसुंधरा में नीति आयोग की सदस्य डॉ. जोरम आनिया का स्वागत करते सतयुग दर्शन ट्रस्ट के प्रतिनिधि।

Faridabad/Alive News: राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों और आत्मज्ञान की शिक्षा देने की संभावनाओं पर सतयुग दर्शन ट्रस्ट और नीति आयोग की पूर्णकालिक सदस्य डॉ. जोरम आनिया के बीच चर्चा हुई। डॉ. आनिया ने 12 नवंबर को अपनी टीम के साथ फरीदाबाद के भूपानी स्थित सतयुग दर्शन वसुंधरा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने समभाव-समदृष्टि के निशुल्क स्कूल की शिक्षा पद्धति और गतिविधियों की जानकारी ली।

ट्रस्ट की ओर से उन्हें बताया गया कि शिक्षा में भौतिक ज्ञान के साथ आत्मिक ज्ञान और मानवीय मूल्यों को भी प्राथमिकता मिलनी चाहिए। ट्रस्ट ने आत्मज्ञान को विद्यार्थियों के लिए अनिवार्य विषय बनाने का सुझाव दिया। इस पर डॉ. आनिया ने रुचि दिखाते हुए ट्रस्ट से प्रस्ताव और प्राथमिक कक्षाओं के पाठ्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर भेजने का अनुरोध किया।

दौरे के दौरान डॉ. आनिया ने सतयुग दर्शन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी और सतयुग दर्शन विद्यालय के विद्यार्थियों से भी संवाद किया। उन्होंने आधुनिक शिक्षा के साथ मानवीय मूल्यों को जोड़ने के प्रयासों की सराहना की।

ट्रस्ट के अनुसार, जल्द ही पंचकूला, अंबाला, मुरादाबाद, लुधियाना और जालंधर में पांच नए समभाव-समदृष्टि निशुल्क स्कूल शुरू किए जाएंगे। ट्रस्ट के मार्गदर्शक सजन जी ने भी शिक्षा में नैतिक मूल्यों और आत्मज्ञान को महत्व देने की आवश्यकता पर जोर दिया।