November 21, 2026

हरियाणवी लोकगीतों पर झूमे युवा, यूथ फेस्टिवल में दिखे संस्कृति के रंग

Faridabad/Alive News: कहीं हरियाणवी लोकगीतों पर युवाओं ने ठुमके लगाए तो कहीं शास्त्रीय नृत्य और कोरियोग्राफी के जरिए सामाजिक मुद्दों को मंच पर उतारा गया। राजकीय कन्या कॉलेज नचौली में शनिवार से शुरू हुए तीन दिवसीय जोनल यूथ फेस्टिवल में विद्यार्थियों ने अपनी कला और सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित फरीदाबाद-पलवल जोन के इस महोत्सव के पहले दिन पांच मंचों पर 20 प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

विद्यार्थियों ने हरियाणवी रसिया के साथ दूसरे राज्यों की लोक संस्कृति की झलक भी प्रस्तुत की। कोरियोग्राफी में नृत्य के माध्यम से अलग-अलग सामाजिक मुद्दों को उठाया गया। वहीं, शास्त्रीय नृत्य और हरियाणवी डांस ने दर्शकों का ध्यान खींचा। संगीत की श्रेणी में गीत, गजल, भजन, लोकगीत और समूह गायन की प्रस्तुतियां हुईं।

विश्वविद्यालय के डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. रणदीप राणा ने कहा कि युवा महोत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच देता है। इस बार महोत्सव की थीम ‘सशक्त युवा, समृद्ध भारत’ रखी गई है। तीन दिवसीय आयोजन में कुल 46 प्रतियोगिताएं होंगी। रविवार को पांच मंचों पर 14 से अधिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।