July 29, 2026

रूट डिस्प्ले बंद, कंडक्टर लगा रहे आवाज… ऐसे चल रही ई-बस सेवा

Noida/Alive News: जहां दिल्ली की इलेक्ट्रिक बसों में आगे लगे एलईडी रूट डिस्प्ले दूर से ही यात्रियों को बता देती हैं कि बस किस रूट पर जाएगी। इसके विपरीत, नोएडा की इलेक्ट्रिक बसों में एलईडी डिस्प्ले लगे होने के बावजूद अधिकांश बसों में उन्हें चालू नहीं किया जाता। ऐसे में यात्रियों को बस के ड्राइवर और कंडक्टर से रूट पूछना पड़ता है। यह व्यवस्था यात्रियों की परेशानी बढ़ाने के साथ-साथ बसों में कम सवारी होने का भी एक बड़ा कारण बन रही है।

मंगलवार को एनबीटी के रिपोर्टर ने सेक्टर-37 बस स्टॉप पर इलेक्ट्रिक बस सेवा की पड़ताल करते हुए देखा कि हर पांच मिनट में इलेक्ट्रिक बसें तो आ रहीं, लेकिन किसी भी बस में लगी एलईडी डिस्प्ले पर रूट नहीं दिखाया जा रहा था। दूर खड़े यात्री यह समझ ही नहीं पा रहे थे कि कौन-सी बस कहा जाएगी। जिसके बाद यात्री कंडक्टर से बस कहां जाएगी के बारे में पूछने लगे। बाद में कंडक्टर यात्रियों को बस में बुलाने के लिए बस के दरवाजे पर खड़े होकर आवाज लगाने लगे। जबकि यदि एलईडी डिस्प्ले चालू रहती तो यात्रियों को खुद बस के रूट की जानकारी मिल जाती।
जब इस संबंध में एक बस के ड्राइवर से बात की गई तो उन्होंने बताया वह एलईडी डिस्प्ले चलते नहीं हैं। वह खुद आवाज लगाकर ही यात्रियों को बुला लेते है। उसी से काम चल जाता है। वह पूरे दिन में सेक्टर 37 से 62 तक सिर्फ दो चक्कर लगते हैं और पूरे दिन में दस सवारियां मिल जाती हैंअब सवाल ये है कि जब बसों में रूट दिखाने के लिए एलईडी डिस्प्ले पहले से लगी हैं, तो उन्हें नियमित रूप से चालू क्यों नहीं किया जा रहा? यदि यह सुविधा शुरू कर दी जाए तो यात्रियों की परेशानी कम होगी और इलेक्ट्रिक बसों की सवारी भी बढ़ सकती है।

क्या कहना है अधिकारी का

जनपद में चल रही सारी इलेक्ट्रिक बसों में एलईडी रूट डिस्प्ले है जिसे बस संचालन के दौरान चालू करना जरूरी होता है अगर कोई बस संचालक इसे नहीं चला रहे है तो इसपर तुरंत संज्ञान लिया जाएगा। 

– राजेश कुमार, इलेक्ट्रिक बस डिपो सेक्टर 90