Faridabad/Alive News: उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में नगराधीश (सीटीएम) अंकित कुमार ने शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समाधान शिविर, सीएम विंडो, एसएमजीटी पोर्टल और जनसंवाद पोर्टल की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक के दौरान सीटीएम अंकित कुमार ने निर्देश दिए कि सभी विभागीय अधिकारी इन पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का समाधान केवल औपचारिकता न होकर ऐसा होना चाहिए, जिससे शिकायतकर्ता पूर्ण रूप से संतुष्ट हो। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान हो चुका है, उन्हें समयबद्ध तरीके से पोर्टल से हटाया जाए, ताकि लंबित मामलों के आंकड़ों में पारदर्शिता बनी रहे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) संबंधित एसडीएम के हस्ताक्षर सहित अपलोड की जाए। पुलिस और नगर निगम को छोड़कर अन्य सभी विभागों के मामलों में एसडीएम स्तर से सत्यापन अनिवार्य किया गया है। जिन मामलों में रीओपन करना तकनीकी रूप से उचित नहीं है, उनके लिए विस्तृत रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजने के निर्देश भी दिए गए।
सीटीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पेंडेंसी और रीओपन मामलों में सुधार नहीं हुआ, तो इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अगली समीक्षा बैठक से पहले सभी विभाग निर्धारित प्रारूप में अपनी अद्यतन एटीआर अपलोड करें। केवल औपचारिकता पूरी कर शिकायत बंद करना स्वीकार्य नहीं होगा, और यदि समाधान गुणवत्तापूर्ण नहीं पाया गया तो संबंधित मामलों को पुनः खोला जाएगा।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक जिला स्तर पर लघु सचिवालय तथा उपमंडल स्तर पर आयोजित समाधान शिविरों में पहुंचकर लाभ उठाएं।
बैठक में एसीपी राजीव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

