June 26, 2026

झपटमारी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, छीना गया मोबाइल बरामद

Faridabad/Alive News: क्राइम ब्रांच बॉर्डर की टीम ने झपटमारी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि उसके साथी की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान कबीर निशाद (22) निवासी लक्कड़पुर, सूरजकुंड (फरीदाबाद) के रूप में हुई है। उसे सेक्टर-37 बाईपास रोड इलाके से पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार, दिल्ली निवासी पवन ने थाना सराय ख्वाजा में शिकायत दी थी कि 12/13 मार्च की रात वह दिल्ली-मथुरा रोड बाईपास कट पर रैपिडो का इंतजार कर रहा था। तभी बाइक पर सवार दो युवक आए और उसके हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गए।

जांच के दौरान सामने आया कि कबीर निशाद ने अपने एक साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के पास से छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।