Faridabad/Alive News: युवाओं को अपराधों से बचाने और सामाजिक जिम्मेदारी का एहसास कराने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने 19 नवंबर को पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम आयोजित किया। सामुदायिक पुलिसिंग सेल और अमर उजाला के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बल्लभगढ़ और मेट्रो थाना फरीदाबाद में यह कार्यक्रम हुआ।
इस दौरान विद्यार्थियों को नशा मुक्ति, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी दी गई। छात्राओं को किसी भी तरह की छेड़छाड़ या परेशानी होने पर डायल-112 और दुर्गा शक्ति ऐप के माध्यम से पुलिस सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
साइबर ठगी से बचाव के लिए अनजान लिंक पर क्लिक न करने और ओटीपी, पासवर्ड व बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा न करने की सलाह दी गई। ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने को कहा गया।
पुलिस ने युवाओं को सड़क पर खतरनाक स्टंट न करने, यातायात नियमों का पालन करने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया। साथ ही अभिभावकों से भी बच्चों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।

