November 19, 2026

सफाई के बहाने कोठी में बुलाकर महिला से गैंगरेप, 74 और 65 वर्षीय दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-29 में घर की सफाई के बहाने 30 वर्षीय महिला को कोठी में बुलाकर सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कोठी में मौजूद दो बुजुर्गों ने महिला के साथ छेड़छाड़ की और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह उनके चंगुल से निकलने के बाद महिला पुलिस थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

फोन करके सफाई के लिए बुलाया था

पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि वह अलग-अलग घरों में सफाई का काम करती है। इसी दौरान सेक्टर-29 निवासी गुरुचरण सिंह विर्दी ने उसे फोन किया और अपनी कोठी में सफाई करने के लिए बुलाया। महिला काम के लिए कोठी पहुंची तो वहां गुरुचरण सिंह के साथ राकेश गुप्ता भी मौजूद था। आरोप है कि दोनों ने महिला के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी।

विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी

महिला के अनुसार, उसने दोनों की हरकतों का विरोध किया तो आरोपियों ने उसे धमकाया। इसके बाद दोनों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। महिला किसी तरह वहां से निकलकर पुलिस थाने पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी।

दोनों आरोपी सेक्टर-29 में परिवार के साथ रहते हैं

पुलिस जांच में सामने आया कि गुरुचरण सिंह विर्दी की उम्र 74 वर्ष और राकेश गुप्ता की उम्र 65 वर्ष है। दोनों सेक्टर-29 में अपने परिवारों के साथ रहते हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय गुरुचरण की पत्नी घर पर मौजूद नहीं थी। दोनों आरोपी बुजुर्गों से जुड़ी एक संस्था के पदाधिकारी भी बताए जा रहे हैं।

महिला की शिकायत पर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेश करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।