Faridabad/Alive News: जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए फरीदाबाद पुलिस का 12वां विशेष वीकेंड अभियान रंग लाया है। पुलिस ने तीन दिवसीय अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में 116 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अभियान के तहत पुलिस ने तस्करों और असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए 22.720 किलोग्राम गांजा, 183 बोतल देसी शराब, 5 बोतल अंग्रेजी शराब, 4 देसी कट्टा और 1 कारतूस बरामद किया है। वहीं, जुए के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों से 1,47,450 रुपये की नकदी जब्त की गई।
इसके अलावा, पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 27 उद्घोषित अपराधियों (पीओ) को भी दबोचा। इस अभियान की सबसे सकारात्मक पहल यह रही कि पुलिस ने विभिन्न स्थानों से 22 गुमशुदा लोगों को तलाश कर उनके परिजनों से मिलाया, जिससे उनके घरों में खुशियां लौट आईं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

