Faridabad/Alive News: फरीदाबाद की मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा है कि नगर निगम शहर के लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार और केंद्र सरकार का लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित देश बनाना है, जिसमें फरीदाबाद की भी अहम भूमिका होगी।
मेयर ने वार्ड नंबर 7, 8, 10, 11, 12 और 13 के प्रमुख रास्तों, चौकों और वार्ड कार्यालय का दौरा किया और लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जो भी कमियां सामने आई हैं, उन्हें तय समय में ठीक कर रिपोर्ट दी जाए। उन्होंने साफ कहा कि काम में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी।
निरीक्षण के दौरान वंदे मातरम् चौक के पास अतिक्रमण मिला, जिसे तुरंत हटाने के आदेश दिए गए। तिकोना पार्क की ओर जाने वाले नाले की सफाई, खुले नालों पर बैरिकेडिंग और खुले मेनहोल को ढकने के निर्देश भी दिए गए ताकि लोगों की सुरक्षा बनी रहे।
लोधी चौक और अन्य डिवाइडरों पर स्ट्रीट लाइट ठीक करने के निर्देश दिए गए। डबुआ-पाली रोड पर पुराने कचरे (लेगेसी वेस्ट) और सड़क किनारे पड़े स्ट्रीट लाइट के खंभों को देखकर मेयर ने नाराजगी जताई और उन्हें तुरंत हटाने के आदेश दिए।
इसके अलावा, खराब स्पीड ब्रेकर ठीक करने, सीवर की सफाई, जल निकासी व्यवस्था सुधारने, डिवाइडरों की पेंटिंग और अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए गए।
वार्ड-11 के कार्यालय में सफाई बनाए रखने और निर्माण का मलबा हटाने को कहा गया। नेहरू कॉलोनी और 17 नंबर चुंगी इलाके में नियमित कचरा उठाने के निर्देश दिए गए। नंगला रोड पर सीवर सफाई और नाली निर्माण, तथा हार्डवेयर चौक के पास इंटरलॉकिंग टाइल्स का काम जल्द पूरा करने को कहा गया।
अंत में मेयर ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि सभी काम समय पर पूरे करें और इसकी रिपोर्ट जल्द से जल्द प्रस्तुत करें, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

