June 6, 2026

ऑपरेशन स्माइल में बड़ी सफलता: एक हफ्ते में 34 लापता मिले, 24 बच्चे रेस्क्यू

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने “ऑपरेशन स्माइल” के तहत एक हफ्ते में अच्छी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 17 बच्चों और 17 वयस्कों समेत कुल 34 गुमशुदा लोगों को ढूंढकर उनके परिवारों से मिलवाया है। साथ ही भीख मांगने वाले 24 बच्चों को रेस्क्यू भी किया गया है।

यह अभियान हरियाणा पुलिस द्वारा 1 से 30 अप्रैल 2026 तक चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य गुमशुदा बच्चों, महिलाओं और पुरुषों को ढूंढना और बच्चों का पुनर्वास करना है।

पुलिस के अनुसार, 1 से 7 अप्रैल के बीच जिले की अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की। रेस्क्यू किए गए 24 बच्चों को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया गया है, ताकि उनके पुनर्वास की प्रक्रिया पूरी की जा सके।

इस अभियान में फरीदाबाद पुलिस की किडनैपिंग एबडक्शन टीम (KAT) ने भी अहम भूमिका निभाई। टीम ने 3 बच्चों और 3 वयस्कों को तलाश किया और भीख मांगने वाले बच्चों को रेस्क्यू करने में भी सहयोग किया। इसके अलावा टीम ने सूरजकुंड इलाके में एक चिल्ड्रन होम का निरीक्षण भी किया।