June 6, 2026

जिला कारागार नीमका में महिला बंदियों के लिए विधिक जागरूकता अभियान आयोजित

Faridabad/Alive News: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), फरीदाबाद द्वारा “न्याय और सम्मान” परियोजना के अंतर्गत जिला कारागार नीमका में महिला बंदियों के लिए विशेष विधिक जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह-अध्यक्ष डीएलएसए संदीप गर्ग के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का संचालन एवं पर्यवेक्षण मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं डीएलएसए की सचिव रितु यादव की उपस्थिति में, कारागार विभाग के सहयोग से किया गया। इस दौरान महिला बंदियों को उनके विधिक अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

अभियान में बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता, जमानत, पैरोल और फरलो से संबंधित प्रावधानों के बारे में जागरूक किया गया तथा उन्हें इन सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

सीजेएम रितु यादव ने महिला बंदियों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि बंदियों के पुनर्वास और आत्मनिर्भरता के लिए बुनाई (निटिंग), ब्यूटी पार्लर और बेकरी जैसे प्रशिक्षण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

उन्होंने कहा कि यह अभियान महिला बंदियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम में महिला बंदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और दी गई जानकारी में गहरी रुचि दिखाई।