September 15, 2026

अवैध खनन करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई : एडीसी

Faridabad/Alive News: अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) सतबीर मान ने स्पष्ट किया है कि जिले में कहीं भी अवैध खनन पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन किसी भी सूरत में अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं करेगा और सभी संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित खनन विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीसी सतबीर मान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध खनन की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करें और संबंधित गतिविधि को तत्काल बंद करवाएं। उन्होंने खनन विभाग, पुलिस विभाग और राजस्व विभाग को आपसी समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया, ताकि अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर निरीक्षण अभियान चलाए जाएंगे और जिन क्षेत्रों में अवैध खनन की संभावना अधिक है, वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी। एडीसी ने अधिकारियों को अरावली की पहाड़ियों, यमुना नदी के किनारों तथा अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त और निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पत्थर और रेत के अवैध खनन पर तुरंत रोक लगाई जा सके।

एडीसी सतबीर मान ने कहा कि प्राकृतिक संसाधन और धरोहरें राष्ट्र की अमूल्य संपत्ति हैं, जिनकी सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि कोई व्यक्ति या समूह अवैध खनन करते पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी यदि लापरवाही पाई गई।

बैठक में खनन विभाग, पुलिस विभाग, राजस्व विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।