Faridabad/Alive News: सेक्टर-21बी स्थित जीवा पब्लिक स्कूल में शनिवार को भारत सेवा प्रतिष्ठान की ओर से ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को सामाजिक और राष्ट्रीय जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में इंडियन ऑयल के सेवानिवृत्त वैज्ञानिक एवं आरएसएस के वरिष्ठ स्वयंसेवक कृष्ण सिंघल, आईएमटी फरीदाबाद के निदेशक डॉ. रवि हांडा, उद्यमिता एवं वित्त की प्रोफेसर डॉ. बिंदु अग्रवाल, देश की पहली ब्लेड रनर किरण कनोजिया और कार्यक्रम संयोजक एवं आईएमटी के एसोसिएट प्रोफेसर सरोज कुमार उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता कृष्ण सिंघल ने विद्यार्थियों को नागरिक कर्तव्यों, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्व समझाया। डॉ. रवि हांडा ने विद्यार्थियों को सोच-समझकर निर्णय लेने, अच्छी संगति अपनाने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का समझदारी से उपयोग करने की सलाह दी।
डॉ. बिंदु अग्रवाल और किरण कनोजिया ने विद्यार्थियों को आत्मनिर्भरता, उद्यमिता, साहस और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। सरोज कुमार ने जीवा के शिक्षा मॉडल की सराहना करते हुए कहा कि यह विद्यार्थियों में जीवन मूल्यों और जिम्मेदार नागरिकता का विकास करता है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने श्लोक प्रस्तुत किए और पर्यावरण संरक्षण पर लघु नाटिका का मंचन किया। विद्यालय के अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान ने कहा कि शिक्षा भारतीय संस्कृति, ज्ञान परंपरा और आधुनिकता के समन्वय से राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करती है।

